दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। नगर निगम रुड़की के वार्ड नंबर 12 असफनगर के पार्षद सचिन चौधरी इन दिनों अपनी दमदार बॉडी और फिटनेस को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं। जिम में नियमित व्यायाम करते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार वायरल हो रहे हैं। उनकी शारीरिक बनावट देखकर युवा भी आकर्षित हो रहे हैं।

जब मीडिया ने पार्षद सचिन चौधरी से उनकी फिटनेस को लेकर बातचीत की तो उन्होंने बताया कि उन्हें अपने शरीर को स्वस्थ और आकर्षक बनाए रखने का शौक काफी समय से है। उन्हें फुटबॉल खेलने का भी शौक रहा है और वह फुटबॉल के कई मुकाबलों में हिस्सा ले चुके हैं। खेलों से जुड़ाव और जिम जाने के प्रति उनका जुनून आज भी बरकरार है।

फुटबॉल के मैदान से निकलकर सचिन चौधरी ने समाजसेवा के क्षेत्र में कदम रखा और राजनीति के माध्यम से लोगों की सेवा करने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने वार्ड से दो बार चुनाव लड़ा और पार्षद बने। वर्तमान में वह जनसेवा के साथ-साथ अपनी फिटनेस को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।सचिन चौधरी का कहना है कि उनका एक ही मकसद है कि आज के बदलते दौर में युवा नशे की ओर न जाएं। युवा अपने स्वास्थ्य, शरीर और परिवार पर ध्यान दें। नशे से दूर रहकर व्यायाम, खेलकूद और अच्छी दिनचर्या को अपनाएं।
एक जनप्रतिनिधि के रूप में वार्ड की जिम्मेदारियां निभाने के साथ अपनी फिटनेस को लेकर सचिन चौधरी की सक्रियता युवाओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें और वीडियो युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दे रही हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies