News

11/20/2026 2:58:23 PM

सुशील त्यागी को धामी सरकार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, जीएमवीएन के निदेशक बने

मदन कौशिक के करीबी माने जाते हैं भाजपा नेता, नियुक्ति को चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच धामी सरकार ने रुड़की के वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी को गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) में निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी है। शासन की ओर से 19 नवंबर को उनकी नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी किया गया।


हरिद्वार जनपद निवासी सुशील त्यागी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। वह वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के करीबी माने जाते हैं और संगठन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। किसान परिवार से जुड़े सुशील त्यागी की त्यागी समाज में भी अच्छी पकड़ मानी जाती है। कुशल वक्ता और अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने संगठन में अपनी अलग पहचान बनाई है।


उनकी इस नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से हरिद्वार जनपद में त्यागी समाज के बीच उनकी सक्रियता और जनसंपर्क को देखते हुए इस जिम्मेदारी के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

नियुक्ति की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेताओं और समर्थकों ने सुशील त्यागी को बधाई दी। समर्थकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व तथा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सुशील त्यागी ने लंबे समय तक संगठन के लिए निष्ठा और समर्पण से कार्य किया है। नई जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। विश्वास जताया कि वह अपने दायित्व का पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies