दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। भगवानपुर बाईपास मार्ग स्थित वी-मार्क कंपनी के बाहर छह युवकों ने एक कर्मचारी पर हमला कर दिया। मारपीट होती देख कंपनी के अन्य कर्मचारी बचाव के लिए दौड़े तो हमलावरों ने हवाई फायरिंग कर दी और तीन बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। फायरिंग की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र के मेगा सकरपुर गांव निवासी कार्तिक और उसका भाई संजू दो दिन पहले ही वी-मार्क कंपनी में काम करने आए थे। गुरुवार शाम कंपनी की शिफ्ट बदलने के दौरान कार्तिक का भाई संजू ड्यूटी खत्म कर बाहर निकल रहा था, जबकि कार्तिक अपनी शिफ्ट में काम करने के लिए कंपनी के अंदर जा रहा था
। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर छह युवक वहां पहुंचे और कार्तिक के साथ मारपीट शुरू कर दी।शोर सुनकर कंपनी से काम खत्म कर लौट रहे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कार्तिक को बचाने का प्रयास किया। कर्मचारियों को अपनी ओर आता देख हमलावरों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार्तिक का गांव में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे बाद में समझौता कर सुलझा लिया गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद को लेकर हमला किया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फायरिंग और मारपीट के मामले में जानकारी जुटाई जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies