नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अंतिम संस्कार, छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने दी मुखाग्नि; देशभर से पहुंचे संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता स्वर्गीय सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित देशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नमामि गंगे घाट पहुंचे और दिवंगत सावित्री देवी को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर होता है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
अंतिम संस्कार में योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती सहित अनेक संत-महात्मा शामिल हुए। धार्मिक और आध्यात्मिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गोरखपुर सांसद रवि किशन, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी एपी अंशुमान, गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम लोगों ने भी अंतिम दर्शन कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies