जल्द घोषित होंगे प्रत्याशियों के नाम, शिक्षा, चिकित्सा, गन्ना और बेरोजगारी के मुद्दों को बनाएगी चुनावी आधार
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की 70 में से 35 से 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं और कई विधानसभा सीटों से प्रत्याशियों के लिए आवेदन भी प्राप्त हो चुके हैं। जल्द ही पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकती है।

वोट क्लब के समीप स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल अठावले ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने बताया कि करीब 40 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार की गई है। कई सीटों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी सूची पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले को भेज दी गई है। प्रत्याशियों के नामों पर जल्द निर्णय लेकर सार्वजनिक किया जाएगा।

सेठपाल अठावले ने कहा कि पार्टी किसानों और मजदूरों के हितों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। शिक्षा, चिकित्सा और गन्ना किसानों की समस्याएं पार्टी के प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार को ठोस योजना बनानी होगी। केवल घोषणाओं से बेरोजगारी दूर नहीं होगी, बल्कि इसके लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पार्टी आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी और विधानसभा चुनाव में मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव मोनू रावत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies