News

11/22/2026 5:02:46 PM

"साली की शादी में शामिल होने आए जीजा की सड़क हादसे में मौत, चार मासूमों के सिर से उठा पिता का साया..!

विदाई से पहले मातम में बदलीं शादी की खुशियां, हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर; अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, हादसे के बाद चालक फरार..


दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::


रुड़की।घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन किसे पता था कि कुछ ही पलों में खुशियों का यह माहौल चीख-पुकार और मातम में बदल जाएगा। साली की शादी में शामिल होने आए जीजा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जान गंवाने वाले सतीश चार मासूम बच्चों के पिता थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।


जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर के मनिहाराम गांव निवासी सतीश पुत्र सक्कू अपनी साली निशा पुत्री चंद्रपाल की शादी में शामिल होने के लिए रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव आए हुए थे। शादी समारोह में हंसी-खुशी का माहौल था। बताया जा रहा है कि विदाई से पहले सतीश किसी जरूरी सामान को लेने के लिए गांव के सामने से गुजर रहे हाईवे पर पहुंचे थे। इसी दौरान रुड़की की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सतीश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी की रस्मों और विदाई की तैयारियों को लेकर चहल-पहल थी, वहां सतीश की मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। दुल्हन की विदाई से पहले ही परिवार को ऐसा गम मिला, जिसने शादी की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। उधर, हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। परिजनों ने मामले में तहरीर देकर आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies