शादी का भरोसा देकर युवती के साथ जबरदस्ती करने का आरोप, पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा; ऑपरेशन प्रहार के तहत रुड़की पुलिस की कार्रवाई..
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। शादी का वादा कर युवती का भरोसा जीतने और फिर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने के आरोपित को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए आरोपी को रुड़की बस अड्डे से दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली रुड़की क्षेत्र की आकाशदीप निवासी एक युवती ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि शक्ति विहार कॉलोनी, पाडली गुर्जर निवासी धर्मेंद्र पुत्र सुरेंद्र ने उसे शादी का झांसा दिया और इसी बहाने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली रुड़की में आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंशु चौधरी को सौंपी गई। वहीं, एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को रुड़की बस अड्डे से आरोपी धर्मेंद्र को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र पुत्र सुरेंद्र, निवासी शक्ति विहार कॉलोनी, पाडली गुर्जर, कोतवाली गंगनहर, जनपद हरिद्वार का रहने वाला है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंशु चौधरी व हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies