दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। एक तरफ खेत में खड़ी फसल बर्बाद हो गई, दूसरी तरफ मेहनत की कमाई से कराया गया निर्माण भी क्षतिग्रस्त हो गया। ऊपर से नुकसान की भरपाई मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप है। बेडपुर का एक किसान करीब चार साल से अपनी समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़ित ने अब मुख्यमंत्री पोर्टल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की, जिलाधिकारी हरिद्वार और कलियर पुलिस से गुहार लगाकर न्याय की मांग की है।

पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के बेडपुर निवासी किसान साजिद अली ने बताया कि वह एक छोटा किसान है और खेतीबाड़ी से ही परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके खेत के पास इमलीखेड़ा-भगवानपुर बाईपास मार्ग पर इंतजार का गोदाम है। वर्ष 2022 में गोदाम का एक हिस्सा अचानक भरभराकर उसके खेत में गिर गया था। जिससे खेत में खड़ी उसकी फसल बर्बाद हो गई और खेत में कराया गया निर्माण भी क्षतिग्रस्त हो गया। गोदाम का मलबा अभी भी उसके खेत में पड़ा हुआ है।किसान के मुताबिक उसने गोदाम मालिक से नुकसान की भरपाई करने और खेत से मलबा हटवाने की मांग की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि मुआवजा मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
किसान का यह भी आरोप है कि मलबा हटाने की कोशिश करने पर उसकी फसल जलाने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही है। इससे वह भय के माहौल में जीने को मजबूर है।पीड़ित ने आरोप लगाया कि गोदाम स्वामी एक संगठन का पदाधिकारी है, जिसके चलते उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही है।किसान ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर, फसल और निर्माण के नुकसान का मुआवजा दिलाने, खेत से मलबा हटवाने और धमकी देने के मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies