News

11/23/2026 5:01:56 PM

गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली और सुविधाओं की कमी पर सख्त हुआ किसान आयोग, गन्ना आयुक्त को लिखा पत्र

गन्ना किसानों की शिकायतों पर आयोग अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने जताई चिंता, निरीक्षण के लिए टीमें गठित करने और शुगर मिलों को निर्देशित करने की मांग


दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::


रुड़की। उत्तराखंड में गन्ना किसानों को शुगर मिलों के गन्ना क्रय केंद्रों पर होने वाली परेशानियों और घटतौली की शिकायतों को उत्तराखंड राज्य किसान आयोग ने गंभीरता से लिया है। आयोग के अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने इस संबंध में गन्ना आयुक्त, उत्तराखंड को पत्र लिखकर प्रदेश के सभी शुगर मिलों के गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और घटतौली रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा है।


आयोग अध्यक्ष की ओर से 21 नवंबर को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान किसानों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। किसानों का कहना है कि गन्ना क्रय केंद्रों पर उन्हें आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इसके साथ ही गन्ने की तौल में घटतौली किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

चौधरी राजेंद्र सिंह ने गन्ना आयुक्त से अपेक्षा की है कि प्रदेश के सभी शुगर मिल प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी किसान को घटतौली का शिकार न होना पड़े।


उन्होंने पत्र में सुझाव दिया है कि गन्ना क्रय केंद्रों और तौल एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखने के लिए सक्षम अधिकारियों की टीमें गठित की जाएं। ये टीमें समय-समय पर लगातार निरीक्षण करें, ताकि तौल में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता न हो।

आयोग अध्यक्ष ने इस संबंध में तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए की गई कार्यवाही से उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के कार्यालय को भी अवगत कराने को कहा है। आयोग की इस पहल को गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies