दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। सड़क हादसे में घायल होकर सड़क पर पड़ी महिला के लिए भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री रोमा सैनी फरिश्ता बनकर सामने आईं। जहां मौके पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय तमाशबीन बने खड़े रहे, वहीं रोमा सैनी ने बिना देर किए अपनी गाड़ी रुकवाई और घायल महिला को उपचार के लिए रुड़की के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार शिवदासपुर तेली वाला की रहने वाली एक महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर रुड़की की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन काफी लोग मदद के लिए आगे आने के बजाय तमाशबीन बने रहे। इसी दौरान पीछे से आ रहीं भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री रोमा सैनी की नजर घायल महिला पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को अपनी गाड़ी से रुड़की के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

बताया गया है कि महिला के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। महिला के परिजनों ने इस मुश्किल घड़ी में मदद के लिए आगे आने पर रोमा सैनी का आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया।रोमा सैनी ने कहा कि सड़क पर किसी के साथ हादसा होने पर सभी लोगों को मदद के लिए आगे आना चाहिए। किसी घायल की मदद करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इंसानियत का फर्ज भी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते घायल व्यक्ति को उपचार मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies