News

11/24/2026 3:06:42 PM

गुरु नानक जयंती पर महाविद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन...


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। श्री सनातन धर्म प्रकाश चंद कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुड़की में मंगलवार को गुरु नानक जयंती के अवसर पर बीएससी एवं एमए स्ववित्तपोषित विभाग की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सचिव सौरभ भूषण शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सौरभ भूषण शर्मा ने मां सरस्वती और गुरु नानक देव की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर की। इस दौरान महाविद्यालय परिसर भक्ति और उत्साह के माहौल से सराबोर रहा।


सांस्कृतिक कड़ी में बीएससी और एमए की छात्राओं ने गुरु नानक देव के जीवन परिचय और विचारों पर भाषण दिया। छात्राओं ने नाटक, काव्य-पाठ और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उनके आदर्शों व शिक्षाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे अतिथियों और शिक्षिकाओं ने सराहा।


मुख्य अतिथि सौरभ भूषण शर्मा ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और महाविद्यालय में किताबी ज्ञान के साथ चरित्र निर्माण भी होता है। उन्होंने कहा कि सच्ची शिक्षा विनम्रता और सेवा भाव सिखाती है। उन्होंने छात्राओं से ईमानदारी, परिश्रम और सेवा भाव अपनाकर समाज में समानता, प्रेम व सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।


कार्यक्रम की संयोजिका एवं स्ववित्तपोषित प्रभारी डॉ. मधु मेहरा ने गुरु नानक जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक थे, जिन्होंने अंधविश्वास, जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच जैसी कुरीतियों को दूर करने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं से उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।


कार्यक्रम में शिक्षिका राधा, प्रियंका, संदीपा, फिरदौस, आँचल, शिवानी, अंजलि, तनु, अमिता, काजल और सविता उपस्थित रहीं। अंत में कार्यक्रम को प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताते हुए समापन किया गया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies