समरसता संकल्प यात्रा में समर्थकों के साथ पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी, चार मिनट के लगातार वीडियो में कैद हुई महिलाओं की लंबी भीड़, कलियर विधानसभा की सियासत में बढ़ी हलचल
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की/धनौरी। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के धनौरी में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। कार्यक्रम में रोमा सैनी जब अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ शिरकत करने पहुंचीं तो उनके पीछे महिलाओं की लंबी कतार दिखाई दी। बड़ी संख्या में महिलाओं का उनके साथ पहुंचना कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा।

रोमा सैनी के साथ चल रही महिलाओं की इस भीड़ का नजारा लगातार चार मिनट के एक वीडियो में भी दर्ज हुआ है। वीडियो में उनके पीछे महिलाओं की लंबी कतार दिखाई दे रही है, जो उनके साथ कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ती नजर आई। इस दृश्य को उनके समर्थकों की बड़ी भागीदारी और राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी सहित अनेक संत-महात्मा और वरिष्ठ गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि रोमा सैनी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कलियर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। ऐसे में धनौरी में उनके साथ महिलाओं की बड़ी भागीदारी को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी उनके साथ पहुंची भीड़ की सराहना किए जाने की बात सामने आई है।

गुरु रविदास महाराज जी की जयंती पर आयोजित इस यात्रा का मुख्य संदेश सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता को मजबूत करना रहा। वहीं, रोमा सैनी के साथ महिलाओं की लंबी कतार ने कलियर विधानसभा के राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies