News

11/25/2026 2:15:37 PM

शादी समारोह में चोरों ने साफ किया लाखों का माल, पांच लाख की एफडी के दस्तावेज भी ले गए

बारात में शामिल होने गए थे दुल्हन पक्ष के लोग, कमरे में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। शादी समारोह में बारात की चहल-पहल के बीच चोरों ने एक कमरे को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर सोने के आभूषणों के साथ ही नकदी, कीमती घड़ी और पांच लाख रुपये की एफडी के दस्तावेज भी चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली सिविल लाइंस पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर निवासी विजेंद्र कुमार की पुत्री आयुषी की शादी 24 नवंबर को हरिद्वार रोड स्थित शेरपुर के गोल्ड वेदांतम बैंक्वेट हॉल में आयोजित थी। शादी समारोह के दौरान दूल्हे पक्ष को उपहार स्वरूप देने के लिए सोने की 40 ग्राम की चेन, दूल्हे की माता के लिए करीब 35 ग्राम का सोने का हार और दूल्हे की बहन के लिए करीब पांच ग्राम के सोने के झुमके रखे गए थे। इसके अलावा 25 हजार रुपये की कलाई घड़ी, 21 हजार रुपये की नकदी और पांच लाख रुपये की एफडी के दस्तावेज भी कमरे में रखे थे। वहीं, दुल्हन का करीब 15 से 20 ग्राम सोने का मंगलसूत्र भी एक अटैची में रखा हुआ था।


पीड़ित के अनुसार, इन सभी सामान को बैंक्वेट हॉल के ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरा नंबर चार में रखकर परिवार के लोग रात करीब 10 बजे बारात में शामिल होने चले गए। रात करीब 12 बजे जब वे वापस कमरे में पहुंचे तो बाहर ताला नहीं लगा था। कमरे के अंदर रखी अटैची टूटी हुई मिली और उसमें रखे सभी जेवरात, नकदी और अन्य सामान गायब थे।


इसके बाद परिवार ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित विजेंद्र कुमार ने 25 नवंबर को कोतवाली सिविल लाइंस में तहरीर देकर चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies