News

11/25/2026 2:21:44 PM

कलियर::नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में 114 प्रस्ताव पारित-पीएम आवास की रुकी किस्तों का मुद्दा गरमाया-नामित सभासदों को बैठक में प्रस्ताव रखने पर निर्वाचित सभासदों ने जताई आपत्ति......

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर।कलियर नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में करीब 114 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी किस्तों, वार्डों में विकास कार्यों की अनदेखी और नामित सभासदों को बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखने का मुद्दा छाया। निर्वाचित सभासदों ने नामित सभासदों के प्रस्ताव रखने पर आपत्ति जताते हुए वार्डों में विकास कार्यों को लेकर भी नाराजगी जाहिर की।

बुधवार को पिरान कलियर नगर पंचायत कार्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष समीना की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में सड़क निर्माण, जल निकासी,पथ प्रकाश, सिंचाई विभाग की भूमि की लीज और ई-रिक्शा से होने वाली वसूली पर रोक लगाने समेत कई प्रस्ताव रखे। सभासद दिलबाग त्यागी, राशिद रहीस और रेशमा परवीन सहित अन्य सभासदों ने नगर पंचायत में विकास कार्यों के दौरान उनके वार्डों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 1286 आवासों की रुकी हुई किस्तों का मामला भी प्रमुखता से उठा। सभासदों ने लाभार्थियों को लंबित किस्तें जारी कराने की मांग की। बताया गया कि योजना के तहत 1286 आवास स्वीकृत हुए थे। इनमें करीब 80 प्रतिशत लाभार्थियों को पहली किस्त, 15 प्रतिशत को दूसरी और तीसरी किस्त तथा पांच प्रतिशत को अंतिम किस्त जारी की गई थी। इसके बाद 25 अक्टूबर को सरकार की ओर से योजना की किस्तों पर रोक लगा दी गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण के तहत 958 आवासों की स्वीकृति प्रक्रिया भी बंद होने की बात बैठक में सामने आई। इसके अलावा निर्वाचित सभासदों ने नामित सभासदों के बोर्ड बैठक में प्रस्ताव शामिल किए जाने पर लिखित शिकायत देकर आपत्ति दर्ज कराई। इस मुद्दे पर चर्चा हुई।नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में करीब 114 प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी किस्तों को लेकर एक व्यक्ति ने शिकायत की गई है, जिसकी जांच की जा रही है। योजना के दूसरे चरण का कार्य शुरू कर दिया गया है और पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। नामित सभासदों को भी सभी की सहमति से बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को शामिल किया गया है।अध्यक्ष समीना ने बताया कि बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को सभासदों की सहमति से पारित किया गया है। इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद, सत्तार अहमद, जावेद साबरी, डॉ. शहजाद अली, रहीश अहमद, गुलफाम साबरी, राशिद अली, नामित सभासद मुर्सलीन उर्फ बाबा, श्याम सिंह,अकरम खान और शमीम साबरी सहित अन्य मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies