मंगलौर में भाजपा नेताओं का जुटा जमावड़ा, मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाओं का किया ऐलान
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
मंगलौर। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा नेता एवं मंगलौर विधानसभा सीट से पार्टी के टिकट के दावेदार माने जा रहे करतार सिंह भड़ाना के नवनिर्मित आवास का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रदेश के कई वरिष्ठ भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार जनता के हित में योजनाएं चला रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों को देखकर कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है और सरकार हर क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंगलौर क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इन घोषणाओं को क्षेत्र के विकास और स्थानीय जरूरतों से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, हरियाणा के समालखा से विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, भाजपा नेता सुशील राठी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल सहित अनेक भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे और करतार सिंह भड़ाना के आवास उद्घाटन को मंगलौर की राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies