News

11/25/2026 5:34:09 PM

पाड़ली गुर्जर में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट

चार नकाबपोश बदमाश सफेद आई-20 कार से पहुंचे, पिस्तौल और तमंचे के बल पर नकदी-जेवरात समेटकर फरार


दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::


रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाड़ली गुर्जर गांव में बीती देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। चार नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर पिस्तौल और तमंचे के बल पर परिवार के सदस्यों को आतंकित किया और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।


पीड़ित मीम पुत्र फैयाज के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य रात को घर में सो रहे थे। इसी दौरान चार नकाबपोश बदमाश सफेद रंग की आई-20 कार से गांव पहुंचे और घर की दीवार फांदकर अंदर घुस आए। बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उनकी पत्नी को तमंचे की नोक पर ऊपर बने मकान में ले गए, जहां उनके बेटे और पुत्रवधू को भी बंधक बना लिया।


आरोप है कि बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को हथियारों के बल पर डराए रखा और घर में रखी नकदी व जेवरात समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने किसी को भी घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।


पीड़ित परिवार के अनुसार, घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में सफेद रंग की आई-20 कार दिखाई दे रही है, जिसमें सवार होकर बदमाश वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।


सीओ रुड़की ओसिन जोशी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल इस संबंध में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर उसमें लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies