श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, जिले में सुख-शांति और विकास की कामना की
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। जीवनदीप आश्रम में स्थित श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर में बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और पंचदशनाम जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्र आनंद गिरि जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की गौरी प्रभात, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और पुलिस क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी जीवनदीप आश्रम पहुंचे। सभी अधिकारियों ने श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद अधिकारियों ने महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्र आनंद गिरि जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। आश्रम संचालक मोहित शास्त्री ने जिलाधिकारी को आश्रम की ओर से संचालित किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों एवं धार्मिक गतिविधियों की जानकारी दी।

महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्र आनंद गिरि जी महाराज ने सभी अधिकारियों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने जिले में शांति, सद्भाव, बेहतर कानून व्यवस्था और निरंतर विकास बने रहने की मंगलकामना भी की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies