दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। शैफील्ड स्कूल रुड़की में आयोजित दो दिवसीय द्वितीय इंटर स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में वासुदेव स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। मेजबान शैफील्ड स्कूल की टीम उपविजेता रही, जबकि हेरिटेज स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में 10 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी रुड़की के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस. चक्रवर्ती मुख्य अतिथि, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज रोड और शिक्षक संजय वत्स विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में वासुदेव स्कूल, मां सरस्वती स्कूल, हेरिटेज स्कूल और शैफील्ड स्कूल की टीमों ने जगह बनाई। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल,अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
फाइनल में वासुदेव स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर जीत दर्ज की। कर्नल एस. चक्रवर्ती ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा पैदा करते हैं। कबड्डी जैसे खेलों में शारीरिक क्षमता के साथ त्वरित निर्णय और टीम के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज रोड ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। संजय वत्स ने कहा कि कबड्डी साहस, रणनीति और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है।
निदेशक डीके शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।विद्यालय भविष्य में भी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराता रहेगा। चेयरमैन राहुल विश्नोई ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना विकसित होती है।समारोह में विजेता वासुदेव स्कूल, उपविजेता शैफील्ड स्कूल और तीसरे स्थान पर रही हेरिटेज स्कूल की टीमों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।इस दौरान विदेश से आईं निया मैडम, पीटीआई अभिषेक चौधरी, उदित चौधरी, उत्तम रोड, शुभम कुमार, शिवानी, कादिर, प्राची, पलक सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्टाफ मौजूद रहा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies