एक दिसंबर से चूल्हा-चौका लेकर तहसील में अनिश्चितकालीन धरना देंगी कार्यकर्ता
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। मानदेय बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना दे रही आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की कार्यकर्ताओं को झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने समर्थन दिया। धरने को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं को पहुंचाने से लेकर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि मात्र 9300 रुपये के मानदेय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाखों रुपये वेतन पाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक काम कर रही हैं। न्यूनतम मासिक आय 15 हजार रुपये होने के बावजूद सरकार उन्हें इतना मानदेय देने को भी तैयार नहीं है, जो बेहद निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में कम से कम 10 हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी करने की मांग की गई है। आज हुई कैबिनेट बैठक से कार्यकर्ताओं को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उनके संबंध में फैसला लेने का अधिकार मुख्यमंत्री पर छोड़ दिया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी उनकी लड़ाई में पूरी मजबूती से साथ खड़ी है और मांगें पूरी होने तक उनके साथ संघर्ष करेगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं लोकतांत्रिक जनमोर्चा के संयोजक सुभाष सैनी ने कहा कि सरकार की अनदेखी का खामियाजा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। मोर्चा उनकी मांगों का पूर्ण समर्थन करता है और जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर उनके हक की लड़ाई लड़ेगा।

रुड़की ग्रामीण अध्यक्ष ममता पुरी ने कहा कि जब तक मानदेय में बढ़ोतरी नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। एक दिसंबर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चूल्हा-चौका लेकर तहसील पहुंचेंगी और अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगी। वहीं, रुड़की शहर अध्यक्ष अंजू शर्मा ने कहा कि तमाम वादों के बावजूद सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। मांगें पूरी होने तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कोई कार्य नहीं करेंगी।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुषमा प्रजापति, कोषाध्यक्ष अनुराधा कश्यप, अलका सैनी, साधना शर्मा, रीना वालिया, ममता देवी, साजिया परवीन, गीता माटा, निर्मल कुमारी, हेमलता और रेखा सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies