News

11/27/2026 4:01:56 PM

किसानों की सात मांगों को लेकर भाकियू टिकैत ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, एमएसपी की कानूनी गारंटी और कर्जमाफी की उठाई मांग

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस के अवसर पर किसानों, कृषि मजदूरों और ग्रामीण कामगारों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष संजय चौधरी के नेतृत्व में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया। इसमें केंद्र सरकार से किसानों के साथ किए गए वादों को पूरा करने और कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई।


भाकियू टिकैत ने ज्ञापन में कहा कि 26 नवंबर 2020 को शुरू हुए ऐतिहासिक किसान आंदोलन के छह वर्ष पूरे होने पर देशभर में विरोध दिवस मनाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने 9 दिसंबर 2021 को किसानों से लिखित रूप में कई वादे किए थे, लेकिन अब तक उन्हें पूरी तरह पूरा नहीं किया गया। संगठन ने सभी वादों को तत्काल पूरा करने की मांग उठाई।

ज्ञापन में सात प्रमुख मांगें रखते हुए भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते सहित सभी मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द करने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार सी2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने और सभी फसलों की खरीद सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, आत्महत्या करने वाले किसानों और मजदूरों के परिवारों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने तथा फसल एवं पशुधन बीमा निगम बनाने की मांग भी शामिल रही।

किसान नेताओं ने बिजली निजीकरण विधेयक, बीज विधेयक और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों को वापस लेने, सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण पर रोक लगाने और जबरन प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद करने की मांग की। साथ ही किसानों की जमीन का जबरन अधिग्रहण रोकने, श्रम संहिताओं को रद्द करने और सभी श्रमिकों के लिए 42 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन निर्धारित करने की मांग उठाई।


ज्ञापन में मनरेगा को बहाल कर 200 दिन काम और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने, 60 वर्ष से अधिक आयु के किसानों एवं कृषि मजदूरों को 21 हजार रुपये मासिक पेंशन देने तथा ग्रामीण परिवारों को मुफ्त सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।इसके अलावा संगठन ने एसआईआर प्रक्रिया रद्द कर वर्ष 2024 की मतदाता सूची बहाल करने, चुनावी सुधार लागू करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि किसानों और मजदूरों की आर्थिक स्थिति मजबूत किए बिना देश का औद्योगिक विकास संभव नहीं है। सरकार को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।


ज्ञापन में किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए 736 किसानों की स्मृति में सिंघु बॉर्डर पर स्मारक बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने, आपदा से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग भी की गई।प्रदेश उपाध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि किसान और मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति से केंद्र सरकार को किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और किसान संगठनों के साथ सार्थक बातचीत शुरू करने की सलाह देने का आग्रह किया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो ग्रामीण भारत एक बार फिर आंदोलन के लिए मजबूर होगा। इस अवसर पर विक्रांत चौधरी,बिट्टू सैनी, मेजर राणा, नितिन सालार, हाकम सिंह,अशोक कुमार, संजीव चेयरमैन, प्रमोद कुमा, संजय चौहान, अरविंद चौहान,अंकित सालार, अमृत,योगेश सालार, सहदेव, देवराज, रशीद,नसीम, सलमान, भानु,आफताब, शहजादा, फ़इम आदि लोग मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies