News

10/18/2025 7:26:59 PM

दीपावली से पहले बकाया गन्ना भुगतान की मांग पर अड़े किसान-सहायक गन्ना आयुक्त को सुनाई खरी खोटी....


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। दीपावली से पहले बकाया गन्ना भुगतान दिए जाने की मांग पर अड़े किसानों की अधिकारियों के साथ वार्ता हुई। गुस्साए किसानों ने सहायक गन्ना आयुक्त को जमकर खरी-खोटी सुनाई और शाम तक भुगतान न होने पर रविवार को रेल रोकने की चेतावनी दे डाली। किसानों ने आरोप लगाया कि सहायक गन्ना आयुक्त की अकर्मण्यता की वजह से ही उनके गन्ने का भुगतान नहीं हो रहा है। बाद में एडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आश्वासन के बाद किसानों ने रेल रोकने के आंदोलन को स्थगित कर दिया। 


भारतीय किसान यूनियन रोड गुट की 14 अक्टूबर को हुई महापंचायत में किसानों ने इकबालपुर शुगर मिल पर बकाया भुगतान दिए जाने समेत अन्य मांगे उठाई थी उसके बाद 16 अक्टूबर को उनकी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक हुई उक्त बैठक में प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि दीपावली से पहले गन्ने का भुगतान नहीं होता है, तो किसान 19 अक्टूबर को रुड़की रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोकने का काम करेंगे। इस पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को अपर जिलाधिकारी पिंचा सिंह चौहान को वार्ता के लिए रुड़की भेजा। एडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने किसानों को वार्ता के लिए बुलाया। इस दौरान सहायक गन्ना आयुक्त कपिल मोहन को भी बुला लिया। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड, प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाह एवं जिला उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी समेत कई किसान वार्ता के लिए पहुंचे। यहां पर किसानों ने दो टूक शब्दों में चेक के अनुसार पांच करोड़ का भुगतान तत्काल मांगा। जिस पर सहायक गन्ना आयुक्त आनाकानी करने लगे। इसके बाद तो किसानों का गुस्सा और बढ़ गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर किसान अब रेल रोकने से पीछे नहीं हटेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि वह प्रशासन को तो कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन सहायक गन्ना आयुक्त को बंधक बनाकर रखा जाएगा। इसके बाद सहायक गन्ना आयुक्त कपिल मोहन ने आश्वासन दिया कि वह मिल प्रबंधन से वार्ता कर रहे हैं। शाम चार बजे तक इस मसले पर कोई न कोई हल निकल जाएगा। शाम पांच बजे तक भी कोई भुगतान नहीं हुआ। वहीं, एडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर किसानों ने एक सप्ताह के लिए आंदोलन को स्थगित कर दिया है। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि किसानों की दीपावली तो इस बार फीकी है, लेकिन दीपावली के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को बंधक बनाने का काम किया जाएगा। किसान हर हाल में अपना गन्ने का भुगतान लेकर रहेगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies