दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। दूसरी बार माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने वाले अंकुर रावत के स्वागत में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने उनकी प्रतिभा की सराहना की।
सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मेयर अनीता अग्रवाल, समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल,माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति,गन्ना राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी एवं भाजपा नेता अक्षय प्रताप ने संयुक्त रूप से माउंट एवरेस्ट समेत दुनिया की 27 ऊंची पर्वत चोटियों पर चढ़ाई करने वाले सूबेदार अंकुर रावत का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि शहर और प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि अंकुर रावत आज दुनिया के पर्वतारोही में एक हैं। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित किए है। पूर्व प्रधान कमला बमौला ने कहा कि सरकार को इस युवा का सम्मान करना चाहिए। ताकि अन्य युवा भी इससे प्रेरणा ले। पर्वतारोही अंकुर रावत ने एवरेस्ट चढ़ाई के अनुभव साझा करते हुए वहां की वीडियो की एक प्रस्तुति दी। जिसमें उनके द्वारा 2005 से अब तक की उपलब्धियों के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि मई 2025 में देशभर के 17 लाख एनसीसी कैडेट्स में से चुने गए दस कैडेट्स को अपने नेतृत्व में एवरेस्ट चोटी तक पहुंचाया। इस अवसर पर अंकुर रावत की माता आनंदी देवी,पिता नारायण सिंह रावत,पत्नी सुनीता रावत, सास मुन्नी बिष्ट,ससुर सिक्कम सिंह बिष्ट,गढ़वाल सभा अध्यक्ष राजन सिंह बिष्ट,ललित मोहन अग्रवाल,पार्षद प्रतिनिधि सुरज नेगी,पंकज नंदा,पूजा नंदा,सुशील रावत,विजय रावत,मांगेराम प्रजापति आदि मौजूद रहे।
अंकुर रावत की उपलब्धियां..
रुड़की के विनीत नगर निवासी अंकुर रावत ने 19 मई 2016 में पहली बार माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया,16 मई 2019 को दुनिया की पांचवीं सबसे ऊंची चोटी माउंट मकालू फतेह की,18 मई 2025 दूसरी बार माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया ,देश विदेश की 27 ऊंची पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहराया,कश्मीर से कन्या कुमारी तक 21 दिनों में 3780 किलोमीटर साईकिल यात्रा की,इसके अलावा लक्षद्वीप के कवारती द्वीप पर समुद्र तल में स्कूबा ड्राइविंग करते हुए तिरंगा फहराया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies