News

11/5/2025 2:38:55 PM

बाबा श्याम के जन्मोत्सव कार्यक्रम में जुटी श्रद्धालुओं की भारी भीड़-बाबा के भजनों पर जमकर झूमे श्रद्धालु...

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। रुड़की के नेहरू स्टेडियम में इस बार बाबा श्री खाटूश्याम जन्मोत्सव एवं वार्षिक महोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। दो दिवसीय आयोजित इस 33वें भव्य महोत्सव में दूर-दूर से आए हजारों श्यामप्रेमी बाबा के दरबार में भक्ति रस में सराबोर झूमते नजर आए। महोत्सव के पहले दिन श्री श्याम मित्र मंडल समिति ने सामाजिक सद्भाव की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए 11 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया। कन्याओं के विवाह में नगरवासियों ने बड़े उत्साह से सहयोग किया जिसे सभी ने सराहनीय पहल बताया।वहीं दूसरे दिन बाबा श्री खाटूश्याम का भव्य जन्मोत्सव मनाया गया। स्टेडियम में देर रात तक भजन संध्या का आयोजन हुआ जिसमें कोलकाता से सौरभ शर्मा,पटियाला से विशाल शैली और रूड़की से दिनेश बजरंगी ने श्याम रस से भरे भजनों की ऐसी गंगा बहाई कि भक्त घंटों तक झूमते नाचते और भाव-विभोर होते दिखाई दिए।

वहीं सिरसा से पहुँचे रिंकू गोयल ने मंच संचालन किया। महोत्सव में बाबा को 56 भोग और विशेष रूप से तैयार किया गया 51 किलो का मिल्क केक का भोग लगाया गया। इसके साथ ही कोलकाता से मंगाए गए आकर्षक विदेशी फूलों से बाबा का दिव्य श्रृंगार किया गया जिसे देखने वालों की आंखें ठहर गईं। पूरा वातावरण फूलों की सुगंध, इत्र की खुशबू और भक्ति भाव से सराबोर रहा। रात में हुई भव्य आतिशबाजी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। श्री श्याम मित्र मंडल समिति के अध्यक्ष राहुल बंसल ने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भक्ति, सामाजिक समरसता और सेवा को एक सूत्र में पिरोना है। नगरवासियों के सहयोग और अपार प्रेम के लिए हम सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।रुड़की में आयोजित यह दो दिवसीय श्याम महोत्सव श्रद्धा, सामाजिक सौहार्द और भक्ति का अनूठा संगम साबित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर एलजेपी रामविलास पासवान पार्टी के युवा राष्ट्रीय महासचिव राघव दास आदित्य अग्रवाल,रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा,मेयर अनीता देवी अग्रवाल,भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल,कांग्रेस नेत्री पूजा गुप्ता,भाजपा नेता चेरब जैन,भाजपा नेता ध्रुव गुप्ता,समाजसेवी मनोज वर्मा,कांग्रेस नेता प्रणय प्रताप सिंह मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies